जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ सब्बे को हथियार बरामदगी के दौरान मुठभेड़ में घायल कर दिया. फिलहाल उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. मानगो थाना कांड संख्या 145/2026 के तहत दर्ज मामले में मृतक राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा के भाई राजा कुमार की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप है कि 8 जुलाई की शाम गुरुद्वारा रोड मजार के पास साहेब सिंह उर्फ सब्बे और उसके साथियों ने ईंट, पत्थर और लकड़ी से हमला कर राहुल की हत्या कर दी. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली उर्फ बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)

पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी साहेब सिंह की निशानदेही पर हथियार बरामदगी के दौरान उसने छिपाकर रखी लोडेड देशी पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में साहेब सिंह घायल हो गया. उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने, खून लगे कपड़े, ईंट-पत्थर, लकड़ी, चप्पल, खून लगे रुपये और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीन आरोपियों साहेब सिंह, अफताब अली और अमरजीत प्रसाद का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. वहीं मृतक राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा पर भी हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज थे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.





