जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सरजामदा स्थित बांधडीह में बुधवार देर रात एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान सोपोडेरा निवासी 27 वर्षीय रोहित मुंडा के रूप में हुई है. गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया. पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार रोहित बुधवार रात सालगाझरी में अपने दोस्तों के साथ एक पार्टी में शामिल हुआ था. पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए. आरोप है कि बस्ती पहुंचने पर विवाद फिर बढ़ गया और कुछ युवकों ने रोहित को घेरकर लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

परिजनों के अनुसार मारपीट के बाद रोहित को अस्पताल ले जाने के बजाय घर लाया गया. घर पहुंचने पर उसने पानी पिया और शुरुआत में उसकी हालत सामान्य प्रतीत हो रही थी, लेकिन कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि समय पर इलाज नहीं मिलने से उसकी स्थिति और गंभीर हुई या नहीं. मृतक के साथी बजरंग ने दावा किया है कि पार्टी के बाद रोहित एक युवक की बाइक अपने घर ले आया था. (नीचे भी पढ़ें)

इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और उसके साथ मारपीट की गई. वहीं, रोहित के परिजनों ने बस्ती के सुजल, हरिपद और अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल कुछ लोगों की पहचान हो चुकी है और सभी मृतक के परिचित बताए जा रहे हैं. मामले की हर पहलू से जांच जारी है.





