बहरागोड़ा : पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर रॉयल मिंट होटल के समीप बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. जमशेदपुर की ओर से आ रहे खाली डाला बॉडी ट्रक (एनएल01एएफ 4453) ने आगे चल रहे अलकतरा (डामर) लदे टैंकर (डब्लूबी29बी 3836) में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया. वहीं, टैंकर से बड़ी मात्रा में अलकतरा सड़क पर फैल गया, जिससे हाईवे पर फिसलन की स्थिति बन गयी और दूसरे हादसे का खतरा पैदा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया. इसके बाद थाना प्रभारी ने क्रेन की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही सड़क पर फैले अलकतरा को हटाने और फिसलन खत्म करने के लिए जेसीबी से बालू डलवाकर मार्ग को सुरक्षित बनाया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया और कुछ ही देर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य हो गया. बहरागोड़ा पुलिस की तत्परता, सूझबूझ और मानवीय कार्यशैली की स्थानीय लोगों तथा राहगीरों ने सराहना की. लोगों ने थाना प्रभारी शंकर प्रसाद और उनकी पूरी टीम का आभार जताते हुए कहा कि समय पर की गयी कार्रवाई से न केवल घायल चालक की जान बचाने का प्रयास हुआ, बल्कि हाईवे पर एक और बड़े हादसे को भी टाल दिया गया.






