जमशेदपुर: उत्तराखंड के देहरादून स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास जमशेदपुर के गैंगस्टर अखिलेश सिंह के गुरु विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच फरार शूटरों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है. सभी आरोपी घटना के बाद से फरार हैं और पुलिस को लगातार चकमा दे रहे हैं. आरोपियों के घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के बावजूद उनके आत्मसमर्पण नहीं करने पर यह कदम उठाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

इनामी आरोपियों में जमशेदपुर के बागबेड़ा स्थित बजरंग टेकरी निवासी आकाश कुमार प्रसाद, उलीडीह टैंक रोड निवासी जितेंद्र कुमार साहू, जुगसलाई निवासी आशुतोष कुमार सिंह, बागबेड़ा के गाड़ाबासा निवासी विशाल सिंह तथा लोहरदगा के टांगराटोली निवासी अंकित कुमार वर्मा शामिल हैं. पुलिस का मानना है कि इनाम घोषित होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी आएगी. (नीचे भी पढ़ें)

गौरतलब है कि 13 फरवरी 2026 को देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से निकलते समय विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जांच में इस हत्याकांड में जमशेदपुर के अपराधियों की संलिप्तता सामने आई थी. मामले की जांच कर रही डालनवाला थाना पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. वहीं, जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी राजकुमार सिंह और उसके पुत्र यशराज सिंह सहित दो आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देहरादून पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और स्थानीय पुलिस का भी सहयोग लिया जा रहा है. पुलिस को उम्मीद है कि इनाम की घोषणा के बाद फरार शूटर जल्द कानून के शिकंजे में होंगे.







