जमशेदपुर: जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत सापड़ा गांव स्थित नदी तट पर गुरुवार सुबह करीब 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सुबह नदी किनारे पहुंचे ग्रामीणों ने शव देखा और इसकी सूचना कपाली ओपी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मृतक की पहचान बिरसानगर थाना क्षेत्र के वास्तु विहार निवासी विजय प्रकाश (55 वर्ष) के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रही है. गौरतलब है कि एक दिन पहले कपाली पुलिस ने इसी नदी तट के समीप एक लावारिस मोटरसाइकिल बरामद की थी. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद मोटरसाइकिल का संबंध मृतक से हो सकता है. हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है.







