जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के रानीकुदर रोड नंबर-3 से गुरुवार को इस्कॉन की ओर से भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई. रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया. रथयात्रा शुरू होने से पहले मुख्य अतिथि नाम सेवक दास, प्रभुजी बलदेव दास तथा इस्कॉन के भक्तों और पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना की. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के विग्रहों को आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया गया. श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और पूरे उत्साह के साथ रथ को खींचते हुए नगर भ्रमण कराया. (नीचे भी पढ़ें)

रथयात्रा के दौरान हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और भक्तिमय नृत्य से पूरा मार्ग गूंज उठा. बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए. जगह-जगह श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद और भोग का वितरण भी किया गया. आयोजकों ने बताया कि वे बचपन से इस्कॉन की रथयात्रा में शामिल होते रहे हैं. इस वर्ष पहली बार अपने घर से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकालने का सौभाग्य मिला है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि रथ को बच्चों ने 14 दिनों की मेहनत से तैयार किया है। साथ ही संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में भी इसी तरह भव्य रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा. इस अवसर पर श्याम प्रिया सखी, प्रभुपाद अनु ग्रुप के बच्चे, इस्कॉन के भक्तगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे.







