जमशेदपुर : जिला शिक्षा स्थापना समिति द्वारा लिए गए निर्णय के आलोक में पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर) में नवनियुक्त सहायक आचार्यों का विद्यार्थियों के हित तथा विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आवश्यकता-आधारित एवं पारदर्शी तरीके से पदस्थापन किया गया है. इस क्रम में वर्ग 1 से 5 के कुल 29 नवनियुक्त सहायक आचार्यों का पदस्थापन कियाग या. इसके तहत शून्य शिक्षक वाले 24 विद्यालयों में प्रत्येक विद्यालय को एक-एक सहायक आचार्य उपलब्ध कराया गया है. एकल शिक्षक वाले 5 विद्यालयों में (पीटीआर) के आधार पर प्रत्येक विद्यालय में एक-एक अतिरिक्त सहायक आचार्य का पदस्थापन किया गया है, जिससे इन विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था सुदृढ़ हो सके. इसी प्रकार वर्ग 6 से 8 के कुल 32 नवनियुक्त सहायक आचार्यों का पदस्थापन किया गया है. इसके तहत शून्य शिक्षक वाले 2 विद्यालयों में प्रत्येक विद्यालय को एक-एक सहायक आचार्य उपलब्ध कराया है. (नीचे भी पढ़ें)
एकल शिक्षक वाले 18 विद्यालयों में विद्यार्थी शिक्षक अनुपात (पीटीआर) के आधार पर सहायक आयार्थी पदस्थापन किया गया है. शिक्षक आवश्यकता वाले 12 दिवालयों में भी विद्यार्थी-शिक्षक अनुपात (पीटीआर) एवं वास्तविक आवश्यकता के आधार पर सहायक आचार्यों की प्रतिनियुक्ति की गई है. जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग का प्रयास है कि जिले के प्रत्येक विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित हो. विशेष रूप से शून्य शिक्षक एवं एकल शिक्षक वाले विद्यालयों को प्राथमिकता देते हुए यह पदस्थापन किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके तथा विद्यालयों में शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित हो. जिला शिक्षा अधीक्षक ने बताया कि पदस्थापन की पूरी प्रक्रिया जिला शिक्षा स्थापना समिति के निर्णय तथा विभागीय मानकों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संपन्न की गई है.















