जमशेदपुर : आचार्य हरेराम त्रिपाठी चेतन को वर्ष 2026 का ‘तुलसी सारस्वत सम्मान’ प्रदान किया जाएगा. सिंहभूम जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन की कार्यकारिणी ने उक्त आशय का निर्णय लिया है. आगामी 23 अगस्त को तुलसी भवन के तुलसी जयंती समापन समारोह के दौरान उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि सिंहभूम जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन की ओर से तुलसी जयंती के अवसर पर प्रति वर्ष एक मूर्धन्य साहित्यकार को ‘तुलसी सारस्वत सम्मान’ से सम्मानित किया जाता है. यह सम्मान बिहार-झारखंड में गैर सरकारी सबसे बड़े सम्मानों में से एक है. आचार्य चेतन 1976 से तुलसी भवन की साहित्यिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं. आप हिन्दी, संस्कृत, भोजपुरी के चर्चित विद्वान हैं. आपने दीर्घ समय से साहित्य, स्व-भाषा की सेवा की है. आपका वर्तमान निवास रांची में है. (नीचे भी पढ़ें)
तुलसी सारस्वत सम्मान के तहत विजेता को सम्मान स्वरूप अंगवस्त्र, श्रीफल, पुष्पगुच्छ, सम्मान पत्र एवं 51,000 रुपये की राशि का चेक प्रदान किया जाता है. उपर्युक्त सम्मान पूर्व में डॉ त्रिभुवन ओझा, दिनेश्वर प्रसाद सिंह दिनेश, रांची के पद्मश्री अशोक भगत, चाकुलिया के पुरुषोत्तम झुनझुनवाला, प्रसिद्ध आलोचक एवं रक्षा विशेषज्ञ मुम्बई निवासी डॉ करुणाशंकर उपाध्याय, दिल्ली के कमलेश कमल, रांची से स्तंभ लेखक मयंक मुरारी को यह सम्मान मिल चुका है.







