रांची : झारखंड की राजधानी रांची का हरमू रोड गुरुवार को सियासी वर्चस्व की जंग का मैदान बन गया. नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भाजपा समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई. देखते ही देखते दोनों ओर से तीखी नारेबाजी, धक्का-मुक्की, अंडेबाजी और फिर पथराव शुरू हो गया. हाथों में डंडे लिए कार्यकर्ता एक-दूसरे पर टूट पड़े. (नीचे भी पढ़ें)
माहौल इस कदर बेकाबू हो गया कि हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को अंततः चटकाऊ लाठीचार्ज करना पड़ा. इस दौरान एक मीडियाकर्मी भी घायल हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. मौके पर भारी सुरक्षा बल की तैनाती कर दी गई है. इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि एक दिन पहले ही तैयार हो गई थी. बुधवार को भाजपा ने जेपीएससी और राज्य की भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया था. (नीचे भी पढ़ें)
इसके जवाब में कांग्रेस ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था. युवा कांग्रेस के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ता हरमू मैदान में एकजुट हुए और जुलूस की शक्ल में भाजपा दफ्तर की ओर बढ़े. प्रशासन ने पहले से ही हरमू रोड पर वाटर कैनन, अग्निशमन वाहन और भारी पुलिस बल के साथ मजबूत बैरिकेडिंग कर रखी थी. जैसे ही कांग्रेस का जुलूस भाजपा कार्यालय के करीब पहुंचा, वहां पहले से मुस्तैद भाजपा कार्यकर्ता राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी आक्रामक रुख अपना लिया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस की बैरिकेडिंग के दोनों पार से पहले तो जुबानी जंग चलती रही, लेकिन कुछ ही देर में नारेबाजी धक्का-मुक्की में बदल गई. इसके बाद अचानक एक पक्ष की ओर से अंडे और फिर ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे. देखते ही देखते सड़क पर भगदड़ जैसे हालात बन गए. दोनों तरफ से इतने पत्थर और अंडे चल रहे थे कि सड़क पर रुकना मुश्किल हो गया था. कुछ युवाओं के हाथों में डंडे भी थे. पुलिस बीच-बचाव की कोशिश कर रही थी, लेकिन जब पानी सिर से ऊपर चला गया तो पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू कर दीं. उपद्रव बढ़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और लाठीचार्ज कर दोनों पक्षों के उपद्रवियों को खदेड़ा. लाठीचार्ज होते ही हरमू रोड पर अफरा-तफरी मच गई और कार्यकर्ता गलियों की ओर भागने लगे. (नीचे भी पढ़ें)
इसी आपाधापी में कवरेज कर रहा एक मीडियाकर्मी भी घायल हो गया, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया. झड़प के बाद पूरे हरमू रोड इलाके को सील कर दिया गया। काफी देर तक मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप रही, जिससे राहगीरों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी. फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव को देखते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय और आसपास के इलाकों में दंगा रोधी पुलिस (रैपिड एक्शन पुलिस) और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है. वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर कैंप कर रहे हैं.




