जमशेदपुर : नीट पेपर लीक मामले और छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. (नीचे भी पढ़ें)

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की कड़ी आलोचना की. उनका कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग करना उचित नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)

झामुमो नेताओं ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसे मामलों से देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं. उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. साथ ही, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग दोहराई. (नीचे भी पढ़ें)

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगी.




