जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है. हादसे में गंभीर रूप से घायल चार लोगों का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल में चल रहा है. इसी बीच घायलों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल की ओर से एक घायल के इलाज के लिए करीब आठ लाख रुपये का बिल दिया गया है, जिसे चुकाना उनके लिए संभव नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)

परिजनों का आरोप है कि हादसे के आरोपी चालक की पहचान अरुण के रूप में हो चुकी है, जबकि कार के मालिक का नाम अवधेश बताया जा रहा है. उनका कहना है कि घटना के बाद आरोपी स्वयं दूसरी गाड़ी से बागबेड़ा थाना पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने न तो उसे गिरफ्तार किया और न ही हिरासत में लेकर पूछताछ की. कुछ देर बाद वह थाना से चला गया. इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल और थाना परिसर के बाहर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बागबेड़ा थाना प्रभारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और आरोपी को खुद पकड़कर लाने की बात कही. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार ने पहले एक टीवीएस एक्सएल सवार को टक्कर मार दी, फिर अनियंत्रित होकर तीन अन्य लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए. दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया था. पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी होने की बात कही है.




