जमशेदपुर : सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत इया फाउंडेशन जमशेदपुर ने अपनी स्थापना के तीन सफल वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य “चैंपियन नाइट, तीसरा स्थापना दिवस समारोह” का आयोजन किया. इस अवसर पर संस्था के उन सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया जिन्होंने पूरे वर्ष निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान दिया. कार्यक्रम के दौरान लगभग 140 सक्रिय सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। वर्तमान में इया फाउंडेशन से 700 से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं, जिनमें लगभग 250 सदस्य टाटा स्टील के कर्मचारी हैं. संस्था शिक्षा, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, खाद्य वितरण, स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तिकरण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टाटा स्टील फाउंडेशन के चीफ सौरभ राय उपस्थित रहे. विशिष्ट अतिथियों में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी, जमशेदपुर ब्लड बैंक के जीएम संजय चौधरी और टाटा स्टील फाउंडेशन की सीनियर मैनेजर शालिनी कुजूर शामिल है. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों नितेश राज, अजय चौधरी, संजय सिंह, अमोद दुबे एवं संजीव तिवारी ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई. अपने संबोधन में सभी अतिथियों ने इया फाउंडेशन द्वारा पिछले तीन वर्षों में किए गए सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं द्वारा संचालित यह संगठन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक प्रेरणादायी उदाहरण है. उन्होंने संस्था के स्वयंसेवकों को सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों के साथ आगे भी कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया. संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में इया फाउंडेशन ने रक्तदान शिविरों, “खुशियों की पाठशाला” के माध्यम से वंचित बच्चों की शिक्षा, भोजन वितरण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों तथा विभिन्न सामाजिक पहलों के माध्यम से हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है. कार्यक्रम के दौरान संस्था की उपलब्धियों को साझा किया गया तथा समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मानित स्वयंसेवकों ने समाज सेवा के इस अभियान को और अधिक व्यापक बनाने का संकल्प लिया. “चैंपियन नाइट” केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्सव बनकर सभी के लिए प्रेरणादायी और यादगार साबित हुआ.




