जमशेदपुर : जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को कारगिल विजय दिवस और नेशनल पेरेंट्स डे के अवसर पर विद्यार्थियों में देशभक्ति संस्कार, रचनात्मकता एवं पारिवारिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अनेक प्रेरणादायी कार्यक्रमों जैसे भाषण, देशभक्ति गीत, नृत्य, कविता पाठ, स्लोगन, चित्रकला, ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग एवं पत्र लेखन आदि का आयोजन किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया. 26 जुलाई होने के कारण यह कार्यक्रम 24 जुलाई को आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ कारगिल के वीर शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि देकर की गई, जिसके अंतर्गत सभी ने 1 मिनट का मौन रखा और सदैव देश के प्रति समर्पित रहने का प्रण लिया. (नीचे भी पढ़ें)

तत्पश्चात कुछ बच्चों ने अपने भाषण, स्लोगन, कविताओं आदि के माध्यम से कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग एवं देशभक्ति पर अपने विचार व्यक्त किए, तो कुछ ने अपने माता-पिता के प्रति अपना प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अपने विचार साझा किए. (नीचे भी पढ़ें)

देशभक्ति गीत और नृत्य ने सारे वातावरण को राष्ट्रीय प्रेम की भावना से ओतप्रोत कर दिया. छोटे बच्चों ने अपने माता-पिता और कारगिल के वीर जवानों के लिए सुंदर चित्र और ग्रीटिंग कार्ड बनाकर अपनी कलात्मकता को प्रस्तुत किया तो बड़े बच्चों ने हमारे वीर सैनिकों जिनकी वजह से हम सुरक्षित है को भावपूर्ण पत्र लिखकर अपनी भावनाओं और विचारों को व्यक्त किया. इस प्रकार या पूरा कार्यक्रम सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में सादगी के साथ सफलता पूर्वक संपन्न हुआ.




