जमशेदपुर : जमशेदपुर के सर्किट हाउस एरिया स्थित नागा बेल्डीह मंदिर से शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलराम और बहन सुभद्रा की घुरती रथयात्रा श्रद्धा और भक्ति के माहौल में निकाली गई. नौ दिनों तक मौसीबाड़ी में प्रवास करने के बाद भगवान अपने मूल निवास की ओर प्रस्थान किए. रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह देखने को मिला. रथयात्रा की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई. (नीचे भी पढ़ें)
मंदिर के पुरोहित पंडित उमेश कुमार पांडे ने भगवान की विशेष पूजा संपन्न कराई. इसके बाद भक्तों ने जय जगन्नाथ के जयघोष के बीच रथ को खींचते हुए यात्रा शुरू की. सबसे आगे मंदिर के ट्रस्टी सुरेश तिवारी पारंपरिक रीति से झाड़ू लगाकर मार्ग को पवित्र करते हुए चल रहे थे. उनके पीछे भजन मंडली प्रभु के भजनों का संकीर्तन करती रही, जबकि श्रद्धालु अनुशासित पंक्तियों में रथ की रस्सी खींचते हुए आगे बढ़ते रहे. (नीचे भी पढ़ें)

पंडित उमेश कुमार पांडे ने बताया कि नागा बेल्डीह मंदिर से रथ यात्रा निकालने की परंपरा 100 वर्षों से भी अधिक पुरानी है और यह जमशेदपुर की सबसे प्राचीन रथयात्रा मानी जाती है. उन्होंने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल होते हैं.




