जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक सब्जी विक्रेता से हथियार के बल पर लूट की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, बरिगोड़ा निवासी सब्जी विक्रेता अनिल सुबह करीब 4:30 बजे अपने घर से साकची सब्जी मंडी जा रहे थे. सलगाझुरी रेलवे फाटक बंद होने के कारण वह पुलिया के नीचे से होकर गुजर रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और हथियार का भय दिखाकर उनका मोबाइल फोन, गले की चेन तथा जेब में रखी नकद लूट ली. (नीचे भी पढ़ें)
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के तुरंत बाद अनिल ने परसुडीह थाना के टाइगर मोबाइल को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी. टाइगर मोबाइल की टीम ने एक संदिग्ध का पीछा भी किया, लेकिन वह अंधेरे और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. इस घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है.




