रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम पुलिस द्वारा अपराध एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कराईकेला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. उक्त बातें चक्रधरपुर के डीएसपी डॉ सैयद मुस्तफा हासमी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही. उन्होंने कहा कि आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा, एक कीपैड मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है. 24 जुलाई की रात्रि लगभग 9:30 बजे कराईकेला थाना प्रभारी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि कराईकेला बाजार हाट मैदान में एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके निर्देशानुसार थाना प्रभारी प्यारे हसन के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम द्वारा कराईकेला बाजार हाट मैदान में पहुंचकर घेराबंदी की गई. इस दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसने अपना नाम सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र का लोटाबुरु निवासी बागराय नाग (19 वर्ष) बताया. तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक देसी कट्टा बरामद हुआ. हथियार के संबंध में वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहने पर वह कोई कागजात नहीं दिखा सका. (नीचे भी पढ़ें)

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल (संख्या जेएच01सीजी-6716) से कराईकेला बाजार एक व्यक्ति को धमकाकर पैसे वसूलने आया था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को गिरफ्तार कर कराईकेला थाना लाया गया तथा उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. बरामद सामग्री में एक देसी कट्टा, एक कीपैड मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल (संख्या जेएच01सीजी-6716) है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.




