जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बस स्टैंड गेट नंबर 5 के पास से 33 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्त बिहार के पटना अथमलगोला का रहने वाला 20 वर्षीय उमेश कुमार है. जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 16.5 लाख रुपये है. सिटी एसपी ललित मीणा ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 26 जुलाई की रात करीब 8:15 बजे सीतारामडेरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-5 के पास स्थित शौचालय के समीप 2-3 युवक ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लाकर बिहार और बनारस ले जाने की फिराक में हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तत्काल छापेमारी कर मौके से उमेश कुमार (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद तीन ट्रॉली बैग से करीब 33 किलोग्राम गांजा को बरामद किया गया. साथ ही एक सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया. फिलहाल अभियुक्त का आपराधिक इतिहास नहीं मिला है. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं इस मामले में और कौन-कौन व्यक्ति संलिप्त है, पुलिस पता लगाने में जुटी है. गांजा की खेप किसके निर्देश पर ओडिशा से बिहार और बनारस भेजी जा रही थी, यह भी जांच का विषय है. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दी है.







