मेदिनीनगर (पलामू) :
बेरोजगार संघर्ष मोर्चा के जिला कार्यालय में मंगलवार को महान सामाजिक कार्यकर्ता और लेखिका महाश्वेता देवी की पुण्यतिथि मनाई गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने की. सर्वप्रथम महाश्वेता देवी की तस्वीर पर फूल माला चढ़ाकर कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई. इस मौके पर मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने कहा कि महाश्वेता देवी भारत की प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता और लेखिका थीं. उन्होंने बांग्ला भाषा में बेहद संवेदनशील तथा वैचारिक लेखन के माध्यम से उपन्यास तथा कहानियों से साहित्य को समृद्धशाली बनाया. अपने लेखन कार्य के साथ ही महाश्वेता देवी ने समाज सेवा में भी सदैव सक्रियता से भाग लिया. स्त्री अधिकारों, दलितों तथा आदिवासियों के हितों के लिए उन्होंने व्यवस्था से संघर्ष किया तथा उनके लिए सुविधा तथा न्याय का रास्ता बनाती रहीं. महाश्वेता देवी का पलामू से बेहद लगाव था. (नीचे भी पढ़ें)
वह समय-समय पर पलामू आकर सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों को हमेशा मार्गदर्शन देती थी कि पलामू का कैसे विकास हो, इस पर गहन चिंतन करती थी. महाश्वेता देवी को वर्ष 1997 में ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. उनका निधन 28 जुलाई 2016 को हुआ था. कार्यक्रम में गौतम कुमार, वीर कुमार, आयुष कुमार, कृष्णा राम, प्रभात कुमार, संतोष विश्वकर्मा, सतीश दुबे, मनोज सिंह, जयपाल मोची सहित कई लोगों उपस्थित थे.




