आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 लाख 59 हजार 650 रुपये नकद और 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है. पुलिस के अनुसार, नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े पैसों की बरामदगी के मामले में यह जिले की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है. कार्रवाई आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में की गई. एसपी मनोज स्वर्गायारी ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आदतन अपराधी जावेद अंसारी उर्फ लालटू के घर की छत पर ब्राउन शुगर की बिक्री से मिले पैसों का हिसाब-किताब किया जा रहा है. सूचना के आधार पर विशेष टीम ने तड़के इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद आरोपी छत से छज्जे और पाइप के सहारे भागने लगे. इस दौरान उन्होंने रुपयों से भरे छोटे-छोटे झोले सड़क पर फेंक दिए. (नीचे भी पढ़ें)

सशस्त्र बलों के सहयोग से पुलिस ने पीछा कर जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी निवासी आजाद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी में उसके पास से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर और नकद राशि बरामद हुई. पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी जावेद अंसारी उर्फ लालटू समेत इमरान, राशिदा खातून, विपुल कर्मकार, रोहित कर्मकार और प्रकाश पटेल फरार हैं. सभी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है. एसपी ने कहा कि अभियान में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा.




