जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा क्षेत्र में टाटा स्टील के लैंड मैनेजमेंट विभाग ने मंगलवार को लीज भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध ढांचे को ध्वस्त कर दिया. जेसीबी मशीन की मदद से चलाए गए इस अभियान को प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा बलों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया गया. यह कार्रवाई कदमा गोलचक्कर से आगे अनिल सूरपथ जाने वाले मार्ग पर की गई. उल्लेखनीय है कि सोमवार को भी इसी स्थान पर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया था, लेकिन स्थानीय विवाद की स्थिति उत्पन्न होने के कारण कार्रवाई बीच में रोकनी पड़ी थी. (नीचे भी पढ़ें)
मंगलवार को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच टाटा स्टील की टीम दोबारा मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को पूरी तरह हटाते हुए अभियान सफलतापूर्वक संपन्न किया. अभियान के दौरान टाटा स्टील के लैंड मैनेजमेंट विभाग के अधिकारी, सुरक्षा कर्मी और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई और अतिक्रमण हटाने का अभियान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ.




