जमशेदपुर : रंगमंच ललित कला और साहित्य को समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की जमशेदपुर इकाई ने हर वर्ष की भाँति गुरु पूर्णिमा उत्सव सह पद्मश्री बाबा योगेन्द्रनाथ स्मृति सम्मान समारोह का आयोजन किया. इस वर्ष नाट्य गुरु अवतार सिंह को पद्मश्री बाबा योगेन्द्रनाथ स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया. तुलसी भवन के चित्रकूट कक्ष में आयोजित गुरुपूर्णिमा उत्सव सह पद्मश्री बाबा योगेन्द्रनाथ स्मृति सम्मान समारोह दो सत्रों में (सम्मान एवं सांस्कृतिक) था. प्रथम सत्र का संचालन अरुणा झा ने किया. अतिथियों का तुलसी पौधे के साथ स्वागत, दीप प्रज्वलन एवं ध्येय गीत उपासना सिन्हा और कोषाध्यक्ष नीलाम्बर चौधरी ने प्रस्तुत किया. अध्यक्ष डॉ रागिनी भूषण ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला. साथ ही, अवतार सिंह के नाम प्रांतीय अध्यक्ष डॉ सुशील कुमार अंकन” जी का सन्देश भी प्रस्तुत किया. इस अवसर पर कोल्हान विभाग प्रमुख विजय भूषण भी मंचासीन थे. (नीचे भी पढ़ें)

वरिष्ठ सदस्य कृष्णा सिन्हा ने गुरु वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया. इस अवसर पर सम्मानित नाट्य गुरु अवतार सिंह का परिचय सरिता सिंह ने प्रस्तुत किया. इसके उपरांत नाट्य गुरु अवतार सिंह को पद्मश्री बाबा योगेन्द्रनाथ स्मृति सम्मान से अलंकृत किया गया. उन्होंने अपने उद्बोधन में अपना संस्मरण साझा किया एवं गुरु की महिमा का बखान किया. गुरु सर्वत्र हैं, ईश्वर की उपस्थिति है, नाट्य गुरु अवतार सिंह ने नाटक, संगीत एवं नृत्य के गुरुओं में भिन्नता को बताते हुए कहा कि मंच पर प्रस्तुत नाटक को हृदयंगम कर सकते हैं और ये वर्षों तक याद रहता है. डॉ. स्नेहलता जी ने अपने वक्तव्य में बताया कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते बल्कि व्यक्तिव का निर्माण कर समाज को दिशा प्रदान करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
द्वितीय सत्र का संचालन डॉ अनीता निधि ने किया. सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला में भजन, गीत, कविता, लोक नृत्य व एकांकी अभिनय की प्रस्तुतियों में डॉ आलोक मंजरी विदुषी, डॉ पुष्पा कुमारी, धृतिमान मंडल, शुभम कुमार, डॉ लक्ष्मी झा, डॉ आशा गुप्ता, पूनम सिंह, नूपुर गोस्वामी, संगीता मिश्रा, संगीता मिश्रा, सुनीता वेदी, बसंत जमशेद्पुरी, आरती श्रीवास्तव विपुला, उपासना सिन्हा,सरिता सिंह, नीलम पेरीवाल, पूरबी घोष, राजेन्द्र साह `राज, माधुरी मिश्रा, नीता सागर चौधरी ने अपनी प्रस्तुतियों से गुरु महिमा का भावपूर्ण चित्र उपस्थित किया. समारोह के अंत में महामंत्री अरुणा भूषण ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभागार में उपस्थित सुधि दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया. वन्दे मातरम् के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा उपस्थित जनों के बीच प्रसाद वितरित किया गया.




