जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी स्थित ग्वाला बस्ती के पास एसबीआई बैंक के सामने मंगलवार को टाटा स्टील यूआइएसएल ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की. इस दौरान बुलडोजर की मदद से अतिक्रमित भूमि को खाली कराया गया. अभियान के दौरान लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मौके पर मौजूद एक पेड़ की सूखी और खतरनाक टहनी को भी काटकर हटाया गया, जिससे संभावित दुर्घटना का खतरा टल गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर कार्रवाई की गई वहां लंबे समय से मिट्टी के बर्तन, घड़े और अन्य घरेलू सामान बेचने की दुकान संचालित हो रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
दुकान के ठीक ऊपर पेड़ की बड़ी सूखी टहनी लटक रही थी, जो कभी भी गिर सकती थी और किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी. इसे देखते हुए सबसे पहले टहनी को हटाया गया और उसके बाद बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों ने बताया कि संबंधित जमीन पहले किराये पर दी गई थी, लेकिन किरायेदारी व्यवस्था समाप्त होने के बाद भी दुकान संचालित होती रही. इसी कारण टाटा स्टील यूआइएसएल ने जमीन को अपने कब्जे में लेने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान आसपास सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए.







