रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सदन में शोक प्रस्ताव लाया गया. इस दौरान पिछले सत्र के बाद दिवंगत हुए नेताओं, समाज की कई प्रमुख हस्तियों, शहीद जवानों और विभिन्न हादसों में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई. सभी सदस्यों ने उनके प्रति संवेदना व्यक्त की और दो मिनट का मौन रखा.सदन में पूर्व परिवहन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री और गोमिया के पूर्व विधायक माधव लाल सिंह को याद किया गया. पूर्व पशुपालन मंत्री और धनबाद के पूर्व विधायक मन्नान मलिक को भी श्रद्धांजलि दी गई. इसके अलावा पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता, हरि राम, पूर्व खनन मंत्री लक्ष्मण राम और पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री मुकुल रॉय को भी याद किया गया.सदन में कई अन्य प्रमुख हस्तियों को भी श्रद्धांजलि दी गई. इनमें डॉ. डीवाई पाटिल, भुवन चंद्र खंडूरी, गायिका आशा भोसले, शायर बशीर बद्र, सुभाष कश्यप, एच. के. दुआ, तीजन बाई, जसपाल राणा, क्रिकेटर गोपीनाथ, खोरठा साहित्यकार सुरेश विश्वकर्मा और झारखंड आंदोलनकारी कृष्ण कुमार महतो व दामू बांड्रा शामिल रहे.सदन ने जम्मू-कश्मीर और मणिपुर में शहीद हुए जवानों को भी श्रद्धांजलि दी. उधमपुर सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोगों, लखनऊ की आग की घटना में मारे गए लोगों, असम की बाढ़ में मृत लोगों और नीट परीक्षा विवाद के बाद आत्महत्या करने वाले छात्र-छात्राओं को भी याद किया गया. सदन में असम के बाढ़ पीड़ितों के लिए झारखंड सरकार की ओर से 3 करोड़ रुपये की सहायता का भी उल्लेख किया गया.इस दौरान मांडू के विधायक निर्मल कुमार ने अपने क्षेत्र में सड़क हादसों, हाथियों के हमले, वज्रपात और खदान धंसने की घटनाओं का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि इन घटनाओं में कई लोगों की मौत हुई है. उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों को भी आर्थिक सहायता देने की मांग की.शोक प्रस्ताव के अंत में सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और अपने स्थान पर खड़े होकर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की.(नीचे भी पढ़े)
सदन में मास्क पहनकर पहुंचे भाजपा विधायक

रांची : झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र के पहले दिन सदन में भाजपा के सभी विधायकों के मास्क पहनने पर सत्ता पक्ष ने चुटकी ली. कार्यवाही के दौरान भाजपा विधायक नवीन जायसवाल, बाबूलाल मरांडी सहित अन्य विधायक मुंह में मास्क लगाए नजर आए.मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सदन की कार्यवाही खत्म होने के बाद मजाकिया अंदाज में नवीन जायसवाल से कहा कि आपका मास्क गिर गया है. इस दौरान राजद के कुछ सदस्यों ने भी इस पर अपनी टिप्पणी की. वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी चुटकी लेते हुए कहा कि 19 साल तक सरकार में रहने के बाद भी आवाज निकल रही है.हालांकि मुख्यमंत्री की पूरी टिप्पणी स्पष्ट रूप से सुनाई नहीं दे सकी. सदन में कुछ देर तक इस टिप्पणी को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच हल्की नोकझोंक और हंसी-मजाक का माहौल बना रहा.(नीचे भी पढ़े)
जेपीएससी मुद्दे पर भाजपा-जदयू के विधायकों का प्रदर्शन

रांची: झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र का आज पहला दिन है. सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा और जदयू के विधायकों ने जेपीएसससी मुद्दे को लेकर विधानसभा के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किय और जमकर नारेबाजी की.विधायकों ने दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग के साथ-साथ झारखंड सरकार होश में आओ के नारे लगा रहे हैं. विधायकों ने हाथों में तख्तियां भी ली है. जिस पर जेपीएससी अनियमितता की सीबीआई की जांच कराने की मांग की गई है. इसके साथ ही नौकरी के दुश्मन इस्तीफा दो जैसे स्लोगन लिखे हैं. भाजपा-जदयू के विधायक जेपीएससी के अलावा जेएसएससी और सीजीएल परीक्षाओं की जांच भी सीबीआई से कराने की मांग कर रहे हैं. विधायकों में प्रदीप प्रसाद आदि शामिल हैं.







