जादूगोड़ा : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी एवं यूसीआइएल के संयुक्त तत्वावधान में जादूगोड़ा उत्क्रमिक +2 विद्यालय में शुक्रवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं औषधि वितरण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया. साथ ही, स्थानीय ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में शिविर का लाभ उठाया. (नीचे भी पढ़ें)

यूसीआइएल की ओर से मनोज हेम्ब्रम ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया. भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से डॉ जया मोइत्रा ने मरीजों एवं विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया. विद्यालय की प्रधानाचार्या रीना कुमारी का शिविर के सफल आयोजन में विशेष सहयोग रहा. उनके सहयोग से शिविर का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से राधेश्याम कुमार, राजेश मोहन प्रसाद एवं मुकेश बेरा ने सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं प्रदान कीं. शिविर में कुल 163 मरीजों एवं विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, साथ ही, 3 जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चश्मे भी उपलब्ध कराए गए तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया. इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी एवं यूसीआइएल की इस जन कल्याणकारी पहल की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जाने की अपेक्षा की.
साकची रेड क्रॉस भवन व गुरमा सामुदायिक भवन में 8 को रक्तदान शिविर
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से प्रत्येक माह की भांति 8 अगस्त को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. यह रक्तदान शिविर अन्तरराष्ट्रीय संस्था एमसीकेएस फूड फॉर हंग्री के संयोजन में रेड क्रॉस भवन, साकची में आयोजित किया जाएगा. संस्था ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान का आह्वान किया है. इस रक्तदान शिविर में 8 मई एवं उससे पूर्व के रक्तदान किये सभी रक्तदाता रक्तदान कर सकेंगे. रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा अपने रक्तदाताओं को सूचित किया गया है ताकि वे समय पर आकर रक्तदान कर सकेंगे. इसी क्रम में कुडमी कर्मचारी संघ की ओर से ब्रह्मानंद ब्लड सेंटर के सहयोग से गुरमा सामुदायिक भवन में शनिवार, 8 अगस्त को ही एक रक्तदान शिविर का आयोजन आयोजित किया जा रहा है. इस शिविर में भी स्थानीय रक्तदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहकर रक्तदान का आग्रह किया गया है.




