जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के कुमरुम बस्ती में सोमवार दोपहर निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे 33 वर्षीय मजदूर अरविंद महतो की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांस थम गई. इसके बाद शव को एमजीएम अस्पताल लाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

मिली जानकारी के अनुसार, अरविंद महतो मूल रूप से बंगाल के आमड़ाबेड़ा का रहने वाला था और करीब 10 वर्षों से जमशेदपुर में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था. वह फदलोगोड़ा के पास रांगाखेन्ना गांव में अपने रिश्तेदार के घर रहकर काम करता था. सोमवार को वह कुमरुम बस्ती में कपाली निवासी निमाई महतो के निर्माणाधीन मकान में सेंट्रिंग का काम कर रहा था. मकान के पिलर के गेट के लिए सेंट्रिंग की जा रही थी. उसके साथ एक महिला मजदूर भी काम कर रही थी. बताया गया कि निर्माण कार्य रविवार से ही शुरू हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दौरान अरविंद मकान की बाउंड्री के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया. हादसा इतना जोरदार था कि तेज आवाज सुनाई दी. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए. मृतक के चाचा नीलकमल महतो ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ. वहीं, मकान मालिक निमाई महतो ने बताया कि तेज आवाज सुनने के बाद उनके चचेरे भाई ने घटना की जानकारी दी. इसके बाद अरविंद को तत्काल इलाज के लिए टीएमएच ले जाया जा रहा था. लेकिन करीब दोपहर एक बजे अस्पताल ले जाने के दौरान परिजनों को पता चला कि अरविंद की सांस थम चुकी है. इसके बाद उसे रास्ते से ही करीब डेढ़ बजे एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अरविंद महतो अपने पीछे पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे ने निर्माण स्थल के आसपास से गुजर रहे हाईटेंशन तारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.







