चाईबासा: जमशेदपुर के बिरसानगर निवासी 48 वर्षीय बैंककर्मी संजीव शर्मा उर्फ सोना की चाईबासा में अचानक मौत हो गई. वह आईडीएफसी बैंक के वित्त विभाग में कार्यरत थे और वाहन ऋण की वसूली के सिलसिले में चाईबासा आते-जाते थे. संजीव 11 अगस्त को जमशेदपुर से चाईबासा पहुंचे थे और मधु बाजार स्थित केएनआर होटल में कमरा लेकर ठहरे थे. 12 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे वह होटल से बाहर निकले. पास की दुकान से कुछ सामान खरीदने के बाद आगे बढ़ते ही अचानक सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों ने उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.घटना की सूचना मिलने पर उनके भाई राहुल रंजन शर्मा और मनोज शर्मा चाईबासा पहुंचे. गुरुवार को सदर थाना पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया.(नीचे भी पढ़े)
होटल के कमरे की जांच के दौरान पुलिस को खाने-पीने का सामान, दो गिलास और शराब की बोतल मिली. परिजनों के अनुसार, संजीव के साथ होटल में एक महिला भी आई थी, जिसकी पहचान परिवार नहीं कर सका. संजीव के पेट पर निशान मिलने की बात भी परिजनों ने कही.परिवार ने मौत के कारण को लेकर आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कही. हालांकि, परिजनों के मुताबिक संजीव पहले से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और वेल्लोर में उनका इलाज चल रहा था.सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. होटल के कमरे से मिले सामान, महिला समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी. संजीव अपने पीछे 10 और 11 वर्ष के दो बच्चों समेत परिवार छोड़ गए हैं.








