जमशेदपुर: टाटानगर के बर्मामाइंस स्थित रेलवे यार्ड में 14 अगस्त को एक दर्दनाक हादसे में रेलकर्मी की मौत हो गई. मृतक की पहचान सीतारामडेरा के ईस्ट बंगाल कॉलोनी निवासी 58 वर्षीय बापी मजूमदार के रूप में हुई है. वे रेलवे में गार्ड के पद पर कार्यरत थे और बर्मामाइंस रेलवे यार्ड में ड्यूटी पर तैनात थे.
बताया जाता है कि यार्ड में एक ट्रेन को पीछे की ओर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान बापी मजूमदार ट्रेन की चपेट में आ गए. हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई.(नीचे भी पढ़े)

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके साथ ही रेलवे यार्ड में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की गई.जीआरपी प्रभारी संतोष कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे प्रथम दृष्टया दुर्घटना बताया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. बापी मजूमदार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. उनके परिवार में दो बेटियां हैं. वहीं, घटना के बाद साथी रेलकर्मियों में भी शोक की लहर है. रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया.




