रांची : मिशन झारखंड भाजपा ने शुरू कर दिया है. अभी चुनाव 2029 में होना है. लेकिन इसकी तैयारी अभी से ही शुरू कर दी गयी है. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अपनी टीम के ऐलान के बाद झारखंड भाजपा के सारे बड़े नेताओं ने एक साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है. बताया जाता है कि झारखंड में ऑपरेशन लोटस के तहत मिशन झारखंड चलाने की तैयारी पर बातचीत हुई है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस टीम का नेतृत्व किया. इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चंपई सोरेन, प्रदेश के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय शामिल है. (नीचे भी पढ़ें)
इन सारे बड़े नेताओं ने झारखंड के हालात से केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत कराया. राज्य की राजनीति की क्या स्थिति है, इसके बारे में जानकारी दी. वहीं, आने वाले दिनों में क्या किया जाना है, इस पर विस्तार से चर्चा की गयी. हालांकि, कोई भी नेता कोई अधिकारिक तौर पर जानकारी देने से बच रहे है. लेकिन यह बताया जा रहा है कि ऑपरेशन लोटस के तहत मिशन झारखंड शुरू करने को लेकर पार्टी नेताओं को एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया है. हाल ही में गुटों में बंटे होने के कारण पार्टी के जनाधार पर पड़ने वाले असर को देखते हुए यह मुलाकात को देखा जा रहा है.







