पटमदा: टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर बुधवार शाम करीब छह बजे पगदा उप स्वास्थ्य केंद्र के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान बोड़ाम थाना क्षेत्र के शुक्ला गांव निवासी राजू महतो के रूप में हुई है. घायल युवक श्यामापद महतो बताया गया है. दोनों चचेरे भाई थे और मजदूरी करते थे.जानकारी के अनुसार, राजू महतो और श्यामापद महतो एक ही बाइक से अपने घर से जुगसलाई जा रहे थे. दोनों जुगसलाई में मजदूरी करते थे. इसी दौरान पगदा उप स्वास्थ्य केंद्र के पास विपरीत दिशा से आ रहे टायर लदे 709 वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.(नीचे भी पढे)

घटना की सूचना समाजसेवी उमेश महतो ने बोड़ाम थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही हलुदबनी ओपी के पदाधिकारी और कैंप में तैनात सैप जवान मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को तत्काल अपने वाहन से एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर पहुंचाया. जांच के बाद चिकित्सकों ने राजू महतो को मृत घोषित कर दिया, जबकि श्यामापद महतो का इलाज जारी है.राजू की मौत की खबर मिलते ही परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. इधर, पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है. पटमदा थाना की मदद से घटना के बाद भाग रहे 709 वाहन को पकड़ लिया गया है. चालक ने पुलिस को बताया कि हादसा ओवरटेक करने के दौरान हुआ. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.




