जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा स्थित शास्त्रीनगर इलाके में 18 अगस्त की रात नदी के तेज बहाव में बहने वाले 28 वर्षीय टीपू खान का शव गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया. परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर लगातार तलाश करने के बाद कदमा के भाटिया बस्ती के पास नदी किनारे झाड़ियों में शव को खोज निकाला. परिजनों का आरोप है कि टीपू के बहने के बाद से ही वे लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम की ओर से उन्हें पर्याप्त मदद नहीं मिली. परिवार के लोग पिछले दो दिनों से अपने स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रहे थे. गुरुवार सुबह भी परिजन टीपू की तलाश में घर से निकले थे. इसी दौरान खोजते-खोजते उन्हें भाटिया बस्ती के पास झाड़ियों में टीपू का शव दिखाई दिया. शव मिलने के बाद परिजनों ने करीब सुबह 8 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया. घटना के बाद परिवार में मातम के साथ काफी आक्रोश भी है. परिजनों ने पुलिस प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि टीपू की तलाश में उन्हें अपेक्षित मदद नहीं मिल पाई, जिसके कारण उन्हें खुद ही लगातार नदी और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश करनी पड़ी.




