सरायकेला: सरायकेला खरसावां के कांड्रा स्थित अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड में कार्यरत रहे स्वर्गीय अशोक कुमार महतो के आश्रित परिवार ने अनुकंपा के आधार पर स्थायी नौकरी की मांग को लेकर कंपनी के मुख्य गेट के समक्ष अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है. परिवार की ओर से कंपनी प्रबंधन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को पत्र देकर मृतक के आश्रित को कंपनी में नियोजन देने की मांग की गई थी, लेकिन प्रबंधन द्वारा मांग को अस्वीकार किए जाने के बाद परिवार ने यह कदम उठाया है. धरने पर बैठे मृतक के पुत्र मनीमय महतो ने बताया कि उनके पिता अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड में लैब असिस्टेंट के पद पर स्थायी रूप से कार्यरत थे. (नीचे भी पढ़ें)
उनके असामयिक निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. परिवार के भरण-पोषण का कोई स्थायी साधन नहीं बचा है. ऐसे में अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिलना परिवार के लिए बेहद जरूरी है. मनीमय महतो ने बताया कि नौकरी की मांग को लेकर कंपनी प्रबंधन के साथ अब तक पांच दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन किसी भी वार्ता में सकारात्मक समाधान नहीं निकल सका. (नीचे भी पढ़ें)
लगातार हो रही उपेक्षा से परेशान होकर आश्रित परिवार ने लोकतांत्रिक तरीके से कंपनी के मुख्य गेट के बाहर शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है. परिवार का कहना है कि जब तक उनकी मांग पर कंपनी प्रबंधन की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की जाती, तब तक उनका शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा. आश्रित परिवार ने कंपनी प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों से मामले में हस्तक्षेप कर अनुकंपा के आधार पर नियोजन दिलाने की मांग की है. वहीं धरना प्रदर्शन को लेकर कंपनी प्रबंधन का पक्ष लेने का प्रयास किया गया परंतु कंपनी के किसी भी पदाधिकारी ने अपना पक्ष रखना उचित नहीं समझा.




