पटमदा : पटमदा प्रखंड मुख्यालय से सटे बेलटांड़ बाजार का ट्रांसफॉर्मर पिछले 20 दिनों में तीन बार खराब हो चुका है. इसके कारण बेलटांड़ चौक के निवासी और स्थानीय दुकानदार पिछले चार दिनों से बिजली संकट झेलने को मजबूर हैं. बार-बार ट्रांसफॉर्मर खराब होने से उपभोक्ताओं में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है. स्थानीय लोगों की सूचना पर बिजली विभाग द्वारा अब तक 2 बार खराब ट्रांसफॉर्मर को बदलकर नया ट्रांसफॉर्मर लगाया गया. हालांकि, हर बार ट्रांसफॉर्मर महज एक-दो दिन चलने के बाद फिर खराब हो गया. इससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण शाम होते ही बेलटांड़ बाजार में अंधेरा छा जाता है. (नीचे भी पढ़े)
इसका सीधा असर दुकानदारों के कारोबार पर पड़ रहा है. शाम के समय ग्राहक भी अंधेरे के कारण बाजार में आने से कतराते हैं. उपभोक्ताओं का कहना है कि बार-बार ट्रांसफॉर्मर बदलने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है और बुधवार को भी आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई. लोगों ने बिजली विभाग से खराब पड़े ट्रांसफॉर्मर को तत्काल बदलकर 200 केवी का नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की है, ताकि बाजार और आसपास के क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति बहाल हो सके.




