जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में बदहाल व्यवस्था मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ा रही है. शनिवार को लिफ्ट में चढ़ने को लेकर दो मरीजों के परिजन आपस में उलझ गए. विवाद बढ़ने पर मौके पर तैनात होमगार्ड के जवान पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. अस्पताल में आधे से अधिक लिफ्ट लंबे समय से खराब पड़ी हैं. ऐसे में चालू लिफ्टों पर मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ बढ़ जाती है. एक ही लिफ्ट में चढ़ने की जल्दबाजी में लोग क्षमता से अधिक सवार हो रहे हैं, जिससे विवाद की स्थिति बनने के साथ ही चालू लिफ्टों पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है. इससे उनके दोबारा खराब होने का खतरा बना हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)

लिफ्ट खराब रहने का सबसे अधिक असर उन मरीजों पर पड़ रहा है, जिन्हें ऊपरी मंजिलों पर स्थित विभागों में जाना पड़ता है. गायनिक, हड्डी रोग और मेडिसिन विभाग में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. गंभीर, बुजुर्ग और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों के लिए सीढ़ियों का इस्तेमाल करना बेहद कठिन है. लगातार सामने आ रही इस समस्या के बावजूद अस्पताल में लिफ्टों की व्यवस्था अब तक पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो सकी है. इससे मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी बढ़ रही है. अस्पताल प्रबंधन के लिए खराब लिफ्टों की जल्द मरम्मत कराने के साथ ही चालू लिफ्टों में क्षमता के अनुसार ही मैरिज के प्रवेश की व्यवस्था करना भी जरूरी हो गया है.




