जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस कार्यालय सभागार में लंबित कांडों के निष्पादन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक और थाना प्रभारी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई. विशेष रूप से पुराने और गंभीर प्रकृति के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. (नीचे भी पढ़ें)

एसएसपी ने अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने विभिन्न गैंगों के सदस्यों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध सीसीए के तहत प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई करने, दागी अपराधियों का डोजियर तैयार कर उसे नियमित रूप से अद्यतन करने तथा संदिग्धों और अपराधियों का आपराधिक सत्यापन कराने को कहा. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने, लंबित मामलों का साक्ष्य और अनुसंधान के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा गंभीर एवं पुराने मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए. एसएसपी डॉ ऐहतेशाम वकारिब ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया.




