जमशेदपुर : जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या मामले में फरार आरोपी अभिमन्यू सिंह उर्फ सिंटू सिंह को जमशेदपुर पुलिस ने दिल्ली के एक होटल से गिरफ्तार किया है. बताया जाता है कि सिंटू सिंह हत्या के बाद से उत्तर प्रदेश और दिल्ली के एक होटल में शरण लिए हुए था. पुलिस लगातार उसका पीछा कर रही थी. गुरुवार को पुलिस की टीम ने दिल्ली के होटल में दबिश दी, जहां वह रुका हुआ था और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. सिंटू सिंह निखार सबलोक हत्याकाडं में व्यवस्थापक की भूमिका में है. उसी ने हत्यारों को एक साथ लाया था. उसी ने अशोक सिंह राघव के साथ मिलकर हत्या की साजिश की कहानी रची थी. (नीचे भी पढ़ें)

गौरतलब है कि शहर के जाने-माने होटल कारोबारी निखार सबलोक की 24 अगस्त की दोपहर को करीब 3 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. घर से निकलने के बाद निखार चांडिल थाना अंतर्गत होटल टेंथ माइल स्टोन में चांडिल निवासी सुखलाल पहाड़िया व उनके साथी मनमन सिंह, गुरुचरण सिंह से जमीन के संबंध में बातचीत करने गये थे. उक्त जमीन होटल टेंथ माइल के पास ही कुछ दूरी पर है. जिसपर काम शुरू करना था. पिछले कुछ दिनों से लगातार रेकी की जा रही थी. हमलावर पूर्व से ही होटल पहुंचकर उनका इंतजार कर रहे थे. दोस्तों से बात करने के बाद निखार जैसे ही बाहर निकले, अपराधियों ने उनपर गोलियों की बौछार कर दी. निखार को 11 गोलियां लगी थी. मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी.




