जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बर्निंग घाट गोलचक्कर के पास गुरुवार करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर संख्या जेएच20एच0984 की चपेट में आने से बाइक सवार उत्तम कालिंदी गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में उनके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. जानकारी के अनुसार, मानगो कुंवर बस्ती निवासी उत्तम कालिंदी बारीडीह स्थित एक गैरेज में मिस्त्री का काम करते हैं. गुरुवार को काम पर जाने से पहले वह छाया नगर स्थित अपनी मामी के घर गए थे. वहां से मिलने के बाद वह बाइक से बारीडीह लौट रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दौरान बर्निंग घाट गोलचक्कर के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ट्रेलर को घेर लिया. सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए हाइवा को जब्त कर लिया. पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है. साथ ही घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.




