गालूडीह: एमजीएम थाना क्षेत्र के नारगा में स्थित राम निरंजन विद्या मंदिर में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया. जन्माष्टमी को लेकर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, गुब्बारों और आकर्षक रंगोली से सजाया गया था. राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने समारोह में चार चांद लगा दिये. कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक आकाश सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर भगवान श्रीकृष्ण की आरती के साथ किया. परिसर में बाल गोपाल और राधा रानी की आकर्षक झांकी सजायी गयी थी. फूलों से सजे झूले में भगवान श्रीकृष्ण को झुलाया गया. इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भक्ति गीत प्रस्तुत किये.(नीचे भी पढ़े)

राधा-कृष्ण की वेशभूषा बनी आकर्षण का केंद्र: जन्माष्टमी समारोह में आयोजित राधा-कृष्ण वेशभूषा प्रतियोगिता बच्चों के बीच आकर्षण का केंद्र रही. प्री-प्राइमरी और प्राथमिक वर्ग के बच्चे राधा-कृष्ण के रूप में विद्यालय पहुंचे. किसी के सिर पर मोर मुकुट सजा था, तो कोई राधा के रूप में मनमोहक लग रहा था. बच्चों की प्रस्तुतियों ने शिक्षकों और अभिभावकों का मन मोह लिया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया..(नीचे भी पढ़े)

मटकी फोड़ते ही गूंजे जयकारे: प्रतियोगिता के विजेता बच्चों ने मटकी फोड़कर श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को जीवंत कर दिया. मटकी फूटते ही विद्यालय परिसर ‘गोविंदा आला रे’के जयकारों से गूंज उठा. बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम के अंत में केक काटकर श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया और बच्चों के बीच केक व चॉकलेट वितरित की गयी. कार्यक्रम का संचालन भावेश कुमार महतो और लक्ष्मी बेसरा ने किया. प्रधानाचार्या मुस्कान कुमारी ने बच्चों को श्रीकृष्ण के जीवन और उनके उपदेशों से प्रेरणा लेकर सत्य, कर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया. मौके पर महक सिन्हा, श्मृणालकान्त मंडल, रीमा कुमारी पांडे, आकाश सोरेन, राहुल भगत, दिव्या कुमारी, सुजाता गिरि, मीना मुंडा, सरस्वती गोराई समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे.




