सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस की गश्ती बढ़ाने के लिए 19 नयी बोलेरो गाड़ियों को शामिल किया गया हैं. नए वाहनों के आने से अब पुलिस के पास कुल 38 बोलेरो और 26 बाइक हो गई हैं. गुरुवार को सरायकेला पुलिस केंद्र में इन वाहनों को पुलिस के हवाले किया गया. कार्यक्रम के दौरान एसपी मनोज स्वर्गियारी ने पूजा-अर्चना की और इसके बाद वाहनों को रवाना किया. वाहनों को रवाना करने के बाद एसपी मनोज स्वर्गियारी खुद एक पेट्रोलिंग बोलेरो लेकर कोलेबिरा तक गए. इस दौरान उन्होंने इलाके में पुलिस की गश्त व्यवस्था का जायजा लिया. उनके साथ एसडीपीओ और मुख्यालय डीएसपी भी मौजूद थे.(नीचे भी पढ़े)
एसपी ने कहा कि नए वाहनों से पुलिस की आवाजाही आसान होगी. किसी अपराध या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना मिलने पर पुलिस पहले के मुकाबले तेजी से मौके पर पहुंच सकेगी. उन्होंने कहा कि नियमित पेट्रोलिंग बढ़ने से अपराध पर भी नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी. एसपी के अनुसार सरायकेला-खरसावां का क्षेत्र काफी बड़ा है. यहां शहरी इलाकों के साथ ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्र भी हैं. ऐसे में अतिरिक्त वाहनों से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी और गश्त को मजबूत किया जा सकेगा. कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल, तामोलिया की ओर से पुलिस को 40 फर्स्ट एड किट भी दी गईं. इन किट को पेट्रोलिंग वाहनों में रखा जाएगा. सड़क हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने से पहले जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार दिया जा सकेगा. इस पहल का उद्देश्य आपात स्थिति में घायलों को तुरंत शुरुआती मदद उपलब्ध कराना है.




