जमशेदपुर : महिला कर्मचारियों एवं महिला ट्रेड यूनियन नेताओं को सशक्त बनाने और उन्हें भविष्य के बदलते औद्योगिक परिवेश के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित टाटा स्टील यूआइएसएल की अधिकृत यूनियन टाटा स्टील यूटिलिटीज यूनियन के नेताजी सुभाष सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य थीम “शॉप फ्लोर से लीडरशिप फ्लोर तक” रखी गई थी. कार्यक्रम का आधिकारिक उद्घाटन टाटा स्टील यूआइएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर ने किया. इस दौरान संस्थान और शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. आयोजन की मुख्य थीम के जरिए यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि महिलाओं की भूमिका केवल कार्यस्थल तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें निर्णय लेने, नेतृत्व करने और रणनीतिक जिम्मेदारियों को संभालने के लिए आगे आना होगा. वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि महिलाओं को संगठन के साथ-साथ ट्रेड यूनियन की मुख्यधारा में भी नेतृत्व के समान अवसर मिलने चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज की महाप्रबंधक विनिता सिंह, टाटा स्टील यूआइएसएल के सीएचआरओ देवी पंथाला, टाटा स्टील की पूर्व एचआरएम अधिकारी ज्योति पांडेय, टीक्यूएम की चीफ तृप्ति श्रीवास्तव, टाटा स्टील यूआइएसएल यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, महासचिव सीडीएस कृष्णा और कार्यकारी अध्यक्ष एएन तिवारी मौजूद रहे. कार्यक्रम का कुशल संचालन टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष डॉ. शाहनवाज आलम ने किया. कार्यक्रम में टाटा समूह की प्रमुख कंपनियों जैसे जेसीएपीसीपीएल, टिनप्लेट, टीएसएसएसएल, टाटा मोटर्स और टाटा पिगमेंट्स की महिला कर्मचारियों और यूनियन प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. प्रतिभागियों ने आपस में अनुभव साझा करते हुए कार्यस्थल की चुनौतियों और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के उपायों पर मंथन किया. (नीचे भी पढ़ें)
विभिन्न सत्रों के दौरान महिला एचआर लीडर्स ने आत्मविश्वास, संवाद कौशल, निर्णय क्षमता और अधिकार जैसे विषयों पर विचार रखे. वक्ताओं ने कहा कि ऑटोमेशन, डिजिटलाइजेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के इस दौर में ट्रेड यूनियन की भूमिका भी बदल रही है. अब सिर्फ रोजगार बचाना ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाना और उन्हें भविष्य के बदलावों के लिए तैयार करना भी यूनियन की जिम्मेदारी है. कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन टाटा स्टील यूआइएसएल यूनियन की सहायक सचिव संजू महतो ने प्रस्तुत किया. उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया. आयोजन का समापन एक ऐसे समावेशी माहौल के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ, जहाँ हर महिला को समान अवसर, सुरक्षा, सम्मान और नेतृत्व का अधिकार मिले.







