जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को कॉलोनी निवासी राजेश गिरी साइबर ठगी के शिकार हो गए है. साइबर ठग ने फोन कर उनके मोबाइल पर आने वाले ओटीपी की जानकारी मांगी. राजेश गिरी ने ओटीपी बता दिया, जिसके बाद उनके बैंक खाते से 63 हजार 200 रुपये की निकासी कर ली गई. घटना 3 सितंबर की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, साइबर ठग ने राजेश गिरी को फोन कर कहा कि उनके मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा. उसे बताना होगा. ठग के झांसे में आकर राजेश ने मोबाइल पर आया ओटीपी उसे बता दिया. इसके कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से लगातार रुपये निकलने लगे. खाते से कुल 63,200 रुपये की निकासी हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद राजेश गिरी ने मामले की शिकायत टेल्को थाना पुलिस से की. पुलिस ने घटना के नौ दिन बाद शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की है. इस मामले में जिस मोबाइल नंबर से राजेश को फोन आया था, उसके धारक को आरोपी बनाया गया है. एफआईआर में मोबाइल नंबर 928572549 के धारक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. टेल्को थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.


















