जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में एसआइआर कर्मी बनकर महिला को बंधक बनाने और मारपीट कर सोने के आभूषण लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए सोने के आभूषणों को गलाकर तैयार किया गया करीब 20 ग्राम सोना बरामद किया गया है.दरअसल, 31 अगस्त को मानगो के रोड नंबर-15 स्थित श्रीकृष्ण उद्यान कॉम्प्लेक्स के फ्लैट नंबर ई/5 में अपराधी खुद को एसआइआर कर्मी बताकर दाखिल हुए थे. फ्लैट में रहने वाली महिला लीलावती अम्मा को आरोपियों ने बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए पहने हुए सोने के आभूषण लूट लिए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए छापामारी टीम गठित की गई. टीम ने तकनीकी सहयोग और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़े)
गिरफ्तार आरोपियों में बिरसानगर निवासी राकेश बहादुर उर्फ राकू, बारीडीह बस्ती निवासी अभिषेक कुमार दास, जुगसलाई निवासी तबस्सुम खातून और मानगो निवासी समरेश पॉल उर्फ नान्टु पॉल शामिल हैं.पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए आभूषणों को गलाने के बाद तैयार किया गया चपटा गोलाकार रूप का करीब 20 ग्राम सोना बरामद किया है.पुलिस के मुताबिक, राकेश बहादुर के खिलाफ बागबेड़ा और जुगसलाई थानों में लूट, डकैती की तैयारी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं. वहीं समरेश पॉल के खिलाफ परसुडीह थाना में लूट और जीआर केस दर्ज है. अभिषेक कुमार दास के खिलाफ भी सिदगोड़ा थाना में मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. मामले की जानकारी सिटी एसपी ललित मीणा ने दी.




