रामगोपाल जेना/चाईबासा : मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सिमेरता गांव में बरतन फेरी करने वाले लोगों के घर में घुसकर हथियार के बल पर लूटपाट और फायरिंग करने के मामले में मनोहरपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.65 एमएम पिस्टल, एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है. (नीचे भी पढ़ें)
फायरिंग के बाद भागने के दौरान एक आरोपी गिरकर घायल हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. इलाज के बाद पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की. उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी अजय गोप उर्फ कालू (19 वर्ष), जो ओडिशा के बिसरा थानांतर्गत कोपसिंगा, ढुंगरी टोला का निवासी है. पहले गिरफ्तार आरोपी की पहचान जसवंत महतो उर्फ छोटू (25 वर्ष) के रूप में हुई, जो मनोहरपुर के धानापालू का निवासी है, थाना मनोहरपुर के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार दोनों ने पहले से योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया था. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल 7.65 एमएम पिस्टल, एक मैगजीन, दो जिंदा राउंड और एक खाली खोखा बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक लूट की रकम आरोपियों ने भागने के दौरान अंधेरे में कहीं फेंक दी थी. इस मामले में मनोहरपुर थाना में मामला दर्ज किया गया है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. पुलिस के अनुसार जसवंत महतो उर्फ छोटू का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें जलडेगा थाना, सिमडेगा में वर्ष 2026 का एक मामला दर्ज है. छापामार टीम में एसडीपीओ डेविड ए डोडराय, पुलिस निरीक्षक अमित रोशन कुल्लू, थाना प्रभारी अम्मीएल एक्का, सुधीर कुमार, नवकिशोर कुदादा समेत पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे.















