जमशेदपुर : जमशेदपुर के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया, जहां सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु बी ब्लॉक निवासी सुरेश पटेल (36) की मंगलवार देर शाम करंट की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. बताया जा रहा है कि सुरेश घर पर अलमारी में बल्ब लगा रहे थे. तभी वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही गिर गए. आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें टीएमएच अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वह पेशे से बिजली मिस्त्री थे. उनके दो छोटे-छोटे बच्चे है. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने पूरी की कानूनी कार्रवाईः घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया. प्रारंभिक जांच में मामला करंट लगने से हुई दुर्घटनावश मौत का सामने आया है. पुलिस के अनुसार परिवार की ओर से किसी के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है, इसलिए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.















