जमशेदपुर : जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या मे शामिल मुख्य शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया है. लेकिन उसके दो साथियों को भी वहां से गिरफ्तार किया गया है. जबकि दो अपराधी वहां से भागने में कामयाब रहे हैं. बताया जाता है कि धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजीडेंसी मे कारोबारी शमशाद खान के घर पर रह रहा था. करीब चार दिनों से वह वहां रह रहा था. शिबू सिंह समेत पांच अपराधियों को वहां शरण दिया गया था. धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार को इसकी गुप्त सूचना मिली. गुप्त सूचना के आधार पर उन्होंने पुलिस की पूरी टीम बनाई. बीती रात से धनबाद के सारे इलाके में पुलिस की अलग-अलग टीम छापामारी कर रही थी. इसी बीच निरसा के अशोक वाटिका रेजीडेंसी में अपराधियों के छिपे होने की पुख्ता सबूत मिले. इसके बाद पुलिस ने कारोबारी शमशाद खान के घर को घेर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
सीसीटीवी से अपराधियों ने देख लिया कि पुलिस ने उनकी घेराबंदी कर ली है. इसके बाद सारे अपराधी एक पीछे के रास्ते से निकलने की कोशिश शुरू की. लेकिन सामने निरसा थाना प्रभारी बालेश्वर सिंह पड़ गए. निरसा थाना प्रभारी और पुलिस टीम पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इसके बचाव में अपराधी पर पुलिस ने फायरिंग की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शिबू सिंह को पैर और जांघ में गोली लगी. इसके अलावा उसके दो साथियों को भागते हुए पुलिस ने पकड़ा जबकि दो साथी भागने में सफल रहे. पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि दो और लोगों की गिरफ्तारी हुई है और दो लोग भागने मे सफल रहे हैं. पुलिस ने पकड़े गया अपराधियों के नाम का खुलासा नहीं किया है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि शिबू सिंह की निशानदेही पर कई अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए गए. उसको धनबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है. जमशेदपुर पुलिस पिछले कई दिनों से उसको गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही थी. धनबाद पुलिस की तत्परता से वह पकड़ा जा चुका है. उसको जमशेदपुर पुलिस रिमांड पर लेगी और पूछताछ करेगी. अब तक मिली जानकारी के अनुसार दोनों और से करीब 10 राउंड गोली चली है. 24 अगस्त 2026 को निखार सबलोक की जमशेदपुर के टेंथ माइल स्टोन होटल के पास हत्या हुई थी. पुलिस जांच में सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश निवासी सागर सिंह उर्फ शिबू का नाम मुख्य शूटर के रूप में सामने आया है. सागर सिंह का संबंध धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड से भी बताया गया है. धनबाद पुलिस और अपराधी सागर उर्फ शिबू सिंह के बीच हुई मुठभेड़ के बाद आनंद वाटिका रेजीडेंसी में रहनेवाले लोगों में दहशत का माहौल है. मुठभेड़ के दौरान करीब 10 राउंड हवाई फायरिंग होने की बात सामने आयी है. अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका थर्रा उठा और लोग अपने घरों में दुबक गये. बताया जाता है कि आनंद वाटिका रेजीडेंसी का निर्माण करीब 10 वर्ष पूर्व हुआ था. पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र के कई रसूखदार लोगों ने यहां आलीशान मकान बनाये हैं. ऐसे में रिहायशी इलाके में हुई मुठभेड़ और गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है. घटना के बाद इलाके में पुलिस की गतिविधियां बढ़ गयी हैं.




