जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के दाईगुट्टू में बुधवार देर रात करीब 10:30 बजे गणेश पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर हंगामा और बवाल हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

यहां भी दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए, जिसके बाद अस्पताल परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया. स्थिति को नियंत्रित करने और हंगामा शांत कराने पहुंचे होमगार्ड जवानों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है. मारपीट में कुछ होमगार्ड जवानों को भी चोटें आई हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. देर रात तक इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.




