पटमदा : पटमदा थाना क्षेत्र के रांगाटांड़ में पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने पंचायत सचिव गणेश महतो के घर का ताला तोड़कर 10 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. घटनास्थल पटमदा थाना से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. बताया गया कि घटना के समय गणेश महतो अपने परिवार के साथ कदमा मेला घूमने गए थे. बुधवार सुबह घर लौटने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला. अंदर जाने पर विभिन्न कमरों एवं अंदर रखी पांच अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे. जांच करने पर अलमारियों में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिले. इससे परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। परिजनों के अनुसार, चोर मकान के पिछले दरवाजे से बाहर निकले. खास बात यह रही कि चोरों ने घर के अन्य सामानों को हाथ नहीं लगाया और केवल नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलने पर पटमदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिवार के सदस्यों से जानकारी ली. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि घटना में किसी परिचित व्यक्ति की भूमिका हो सकती है, क्योंकि गणेश महतो मंगलवार को ही परिवार के साथ कदमा स्थित रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकले थे. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है.




