कांड्रा : सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत एचपी पेट्रोल पंप के सामने रेलवे लाइन के किनारे पोल संख्या 389/एस11 और एस13 के बीच शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया. युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. उसके सिर के दाहिने हिस्से में चोट के निशान बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे एक गुड्स ट्रेन के चालक ने अप लाइन के बीच शव पड़े होने की सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी. सूचना मिलते ही कांड्रा आरपीएफ की टीम रात में मौके पर पहुंची. (नीचे भी पढ़ें)
रेलवे परिचालन को देखते हुए आरपीएफ ने शव को अप लाइन से हटाकर रेलवे लाइन के किनारे कर दिया. शनिवार सुबह कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने युवक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं. साथ ही उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या किसी अन्य कारण से. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.




