जमशेदपुर :विश्व सफाई दिवस के अवसर पर रविवार की सुबह दोमुहानी घाट, जमशेदपुर में स्वच्छता पुकारे फाउंडेशन, ग्रीन कैप्स फाउंडेशन, बुनियाद फाउंडेशन, डिकैथलॉन इंडिया जमशेदपुर, माय भारत, गुलमोहर स्कूल एवं केपीएस कदमाइ के संयुक्त प्रयास से व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया.इस अभियान में विभिन्न संस्थाओं के स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सुबह-सुबह बड़ी संख्या में लोगों ने दोमुहानी नदी घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाकर प्लास्टिक, बोतलें, पैकेजिंग सामग्री तथा अन्य प्रकार के कचरे को एकत्रित किया.(नीचे भी पढ़े)

अभियान के दौरान नदी एवं उसके आसपास से लगभग 1000 किलोग्राम से अधिक कचरा बाहर निकाला गया, जिसे उचित निस्तारण के लिए अलग-अलग किया गया. यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों को नदी, जलस्रोतों एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक करने के लिए एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया गया.अभियान के दौरान आम नागरिकों एवं घाट पर आने वाले लोगों से अपील की गई कि वे कचरे को नदी में न डालें, प्लास्टिक का उपयोग कम करें तथा अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं.(नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि नदियों और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता केवल किसी एक संस्था या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है. यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाए, तो हमारे शहर और जलस्रोतों को लंबे समय तक स्वच्छ एवं सुरक्षित रखा जा सकता है.इस अभियान में विद्यार्थियों की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही. बच्चों एवं युवाओं ने स्वयं सफाई में हिस्सा लेकर यह संदेश दिया कि स्वच्छता की शुरुआत जागरूकता से होती है और जागरूकता की सबसे मजबूत आवाज युवा पीढ़ी बन सकती है.आयोजकों ने अभियान में शामिल सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों, संस्थाओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सामूहिक अभियान चलाकर स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार जमशेदपुर के निर्माण का प्रयास जारी रहेगा.




