जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के पदमा रोड स्थित एलआइटी टाइप कटर नंबर 65 में शुक्रवार शाम चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया. मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर अलमारी का लॉक तोड़ सोने-चांदी के आभूषण लाखों और पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. घटना उस समय हुई, जब मकान मालिक विश्वनाथ राना का परिवार करीब सवा घंटे के लिए मेला देखने गया था. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. (नीचे देखे पूरी खबर)

विश्वनाथ राना के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य शाम करीब 7:30 बजे मकान में ताला लगाकर पास के मेला देखने निकले थे. करीब 8:50 बजे लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला. अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर अलमारी के ताले भी टूटे मिले. परिजनों के मुताबिक, चोर अलमारी से सोने का गले का सेट, सोने की चेन और अंगूठी के अलावा छह जोड़ी चांदी की पायल, सात चांदी की अंगूठियां और चार बिछिया ले गए. (नीचे देखे पूरी खबर)

अलमारी में रखे पांच हजार रुपये भी गायब मिले. घटना की जानकारी मिलने के बाद कदमा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर मकान में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात में कितने लोग शामिल थे. पुलिस चोरों की पहचान के साथ चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए भी छानबीन कर रही है.




