जमशेदपुर : क्यूसीएफआइ के राउरकेला चैप्टर की ओर से आयोजित 34वें चैप्टर कन्वेंशन एवं दो दिवसीय क्वालिटी सर्किल प्रोग्राम में जोजोबेड़ा स्थित टाटा पावर की दोनों टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड अवार्ड हासिल किया. इस प्रतियोगिता में कुल 165 टीमों ने हिस्सा लिया था.
टाटा पावर की ‘प्रगति’ और ‘उत्कर्ष’ टीमों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर गोल्ड मेडल प्राप्त कर जोजोबेड़ा इकाई का गौरव बढ़ाया. टीमों ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय ईस्टर्न रीजन के चिप जगमीत सिंह सिद्धू, ओक्यूएम हेड कुंदन कुमार एवं क्यूसी कोऑर्डिनेटर मोहित गुप्ता के मार्गदर्शन को दिया. टीमों ने इस सफलता में यूनियन के सहयोग और योगदान के लिए भी आभार व्यक्त किया.
प्रगति टीम में संजय नंदी, डीएन उपाध्याय, राजेश कुमार, सूरज कुमार एं प्रिंस कुमार शामिल रहे. टीम के फैसिलिटेटर सुनील कुंवर आदि रहे. वहीं उत्कर्ष टीम में नरेश चौधरी, सुरेश सिंह, धर्मराज सिंह, मनीष कुमार, शिवम कुमार एवं आशीष मिश्रा ने हिस्सा लिया. टीम के फैसिलिटेटर महेंद्र मुर्मू शामिल रहे. क्यूसी सदस्य बनमाली साहू एवं यूनियन के महासचिव पिंटू श्रीवास्तव ने भी अहम भूमिका निभाई.
टाटा पावर की दोनों टीमों की इस उपलब्धि पर कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं यूनियन प्रतिनिधियों ने खुशी जाहिर करते हुए पूरी टीम को बधाई दी है. यह सफलता टीम भावना, निरंतर सुधार, गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण है.




